चित्तौड़गढ़। बेट्री व टायर चोरी के झूठे आरोप लगाकर एक युवक को बंधक बनाकर उसकी निर्मम हत्या करने के मामले में गंगरार थाना पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथियार एवं वाहन भी जब्त किए हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि 14 जनवरी को पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि भीलवाड़ा जिले के मंगरोप थाना क्षेत्र निवासी 22 वर्षीय शंकर सिंह पुत्र भगवान सिंह रावना राजपूत को रिलायंस पेट्रोल पंप के सामने स्थित महादेव होटल संचालक व अन्य व्यक्तियों द्वारा रात्रि में बंधक बना लिया गया। आरोपियों ने उस पर बैटरी व टायर चोरी के झूठे आरोप लगाते हुए जान से मारने की नीयत से गंभीर मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद मृतक को महात्मा गांधी अस्पताल, भीलवाड़ा ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। युवक की मौत के बाद परिजनों ने आर्थिक सहायता की मांग को लेकर प्रदर्शन किया, जिन्हें समझाइश के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई करवाई गई। रिपोर्ट के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई।
एएसपी सरिता सिंह के निर्देशन एवं डीएसपी गंगरार शिवन्यासिंह के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी श्यामाराम (पुनि) के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्धों को डिटेन कर पूछताछ की। जांच के बाद चार आरोपियों-
30 वर्षीय कन्हैयालाल पुत्र लक्ष्मण अहीर निवासी तख्तपुरा (थाना हमीरगढ़, भीलवाड़ा),
26 वर्षीय श्यामलाल पुत्र मांगीलाल सालवी निवासी सगतपुरिया (हमीरगढ़),
28 वर्षीय सत्यनारायण पुत्र उदयराम गुर्जर निवासी त्रेष्टा (थाना गंगरार, चित्तौड़गढ़) तथा
22 वर्षीय कानाराम पुत्र प्रभुराम जाट निवासी होडू (थाना सिंधरी, बाड़मेर)
को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज एवं आरोपियों के मोबाइल फोन से घटना से संबंधित वीडियो भी जब्त कर उनका विश्लेषण किया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है, जबकि प्रकरण में शेष आरोपियों की तलाश जारी है।