नीमच। पुलिस ने अवैध बायोडीजल के काले कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के डूंगलवदा क्षेत्र में घेराबंदी कर एक लोडिंग टेंपो से करीब 800 लीटर अवैध बायोडीजल जब्त किया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन एवं कैंट थाना प्रभारी निलेश अवस्थी के नेतृत्व में की गई। मुखबिर से मिली सटीक सूचना पर एएसआई असलम पठान एवं उनकी टीम ने छोटा हाथी लोडिंग टेंपो क्रमांक आरजे 02 जीए 3313 को रोका और जांच की। तलाशी के दौरान वाहन में विशेष रूप से बनाई गई गुप्त स्कीम (छिपे हुए टैंक) में लगभग 800 लीटर अवैध बायोडीजल भरा हुआ पाया गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। मौके से रामपुरा थाना क्षेत्र के बासनिया निवासी जितेंद्र उर्फ जीतू पिता प्रहलाद नागदा को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर एक संदिग्ध गोदाम को भी सील किया है, जहां बायोडीजल के भंडारण के लिए बड़े टैंक रखे पाए गए। कैंट पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और मुख्य सप्लायर तक पहुंचा जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ में इस अवैध नेटवर्क से जुड़े और भी बड़े नाम सामने आने की संभावना है।