नीमच। जिले के भरभडिया फंटे पर बुधवार रात रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब एक अनियंत्रित ट्राले ने बाइक सवार दो युवकों को बेरहमी से कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक ट्राले के नीचे फंस गए और मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्राला अत्यधिक तेज गति में था और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। सामने से आ रही बाइक को ट्राले ने सीधे चपेट में ले लिया। हादसे के बाद दोनों युवक ट्राले के नीचे दब गए, जिन्हें निकालना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। तीन जेसीबी मशीनों और एक क्रेन की सहायता से करीब तीन घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद देर रात दोनों शव ट्राले के नीचे से बाहर निकाले जा सके। इस दौरान सैकड़ों लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए और पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण सन्नाटा पसरा रहा।

मृतकों की पहचान सरवानिया महाराज निवासी गोविंद पिता रामचंद्र रेगर एवं भूपेंद्र सिंह उर्फ सोनू पिता भंवरसिंह राजपूत के रूप में हुई है। दोनों युवकों की कम उम्र में हुई मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटनास्थल पर तहसीलदार संजय मालवीय एवं कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश अवस्थी स्वयं मौजूद रहकर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी करते रहे। पुलिस ने ट्राला चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है तथा वाहन को जब्त कर लिया गया है।

यह हादसा एक बार फिर भरभडिया फंटे को “मौत का चौराहा” साबित करता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार लंबे समय से जानलेवा बनी हुई है, लेकिन इसके बावजूद अब तक ठोस सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए हैं।
