चित्तौड़गढ़। जिला कलक्टर आलोक रंजन की अध्यक्षता में गुरुवार रात को कपासन उपखंड की छापरी ग्राम पंचायत में रात्रि चौपाल आयोजित की गई। चौपाल के दौरान जिला कलक्टर ने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्राओं को शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। छात्राओं द्वारा पूछे गए प्रश्नों का जिला कलक्टर ने सहजता से उत्तर दिया और उन्हें मोबाइल के सीमित उपयोग, नियमित समाचार पत्र पढ़ने तथा निरंतर अध्ययन पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में किए गए अध्ययन ही आगे की कक्षाओं की मजबूत नींव साबित होंगे।
रात्रि चौपाल में बिजली विभाग, प्रधानमंत्री आवास योजना की किस्त समय पर न मिलने, पेंशन, सड़क एवं पेयजल सहित विभिन्न विषयों से संबंधित 35 से अधिक परिवाद प्राप्त हुए, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रकरणों के निस्तारण हेतु उपखंड अधिकारी, तहसीलदार एवं विकास अधिकारी को 7 से 10 दिवस की समय-सीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए गए। चौपाल के पश्चात जिला कलक्टर ने सभी विभागों के अधिकारियों के साथ अलग-अलग चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
ग्राम पंचायत छापरी का आकस्मिक निरीक्षण-
जिला कलक्टर आलोक रंजन द्वारा ग्राम पंचायत छापरी का आकस्मिक निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न कमियां पाई गईं, जिस पर ग्राम सचिव को फटकार लगाई गई और सभी कमियों को सात दिवस के भीतर दूर करने के निर्देश दिए गए।
रात्रि चौपाल में उपखंड अधिकारी राजेश सुवालका, तहसीलदार, विकास अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी राजेन्द्र शर्मा, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक दिनेश जागा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ताराचंद गुप्ता, उद्यान विभाग से डॉ. शंकर लाल जाट, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता नवीन अग्रवाल, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित अन्य जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे।