नीमच। नगर के वार्ड क्रमांक 28 में विकास कार्य अब ज़मीन पर स्पष्ट रूप से नजर आने लगे हैं। यातायात पार्क के आसपास स्थित विकास नगर 14/2 क्षेत्र में 500 मीटर लंबी एवं 6 मीटर चौड़ी सीसी सड़क का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इस निर्माणाधीन सड़क पर लगभग 34 लाख रुपये की लागत आ रही है, जिससे क्षेत्रवासियों को वर्षों से चली आ रही सड़क समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया और ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि नगर पालिका की प्राथमिकता नागरिकों को टिकाऊ, सुरक्षित एवं सुगम सड़क सुविधा उपलब्ध कराना है।
उल्लेखनीय है कि सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर पूर्व में वार्डवासियों द्वारा प्रदर्शन कर शीघ्र निर्माण की मांग की गई थी। जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका ने निर्णय लेते हुए सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ कराया।
निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्र के नागरिकों में उत्साह और संतोष का माहौल है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क निर्माण पूर्ण होने के बाद यातायात व्यवस्था सुचारु होगी और आवागमन में सुविधा मिलेगी। वार्डवासियों ने इस विकास कार्य के लिए नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा के प्रति आभार व्यक्त किया है।