नीमच। जिले में मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना नीमच सिटी पुलिस ने इस गिरोह के 5 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर मंदिरों से चोरी गए चांदी के छत्र, मुकुट, नगदी सहित चार चोरी की मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 1 लाख 52 हजार रुपये आंकी गई है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसौदिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी नीमच सिटी निरीक्षक पुष्पा सिंह चौहान के नेतृत्व में की गई।

पूछताछ में आरोपियों ने नीमच जिले के जीरन, जावद, नीमच सिटी के अलावा मंदसौर जिले एवं राजस्थान के निम्बाहेड़ा क्षेत्र में 10 से अधिक चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।

पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य रात के समय मंदिरों और धार्मिक स्थलों के ताले तोड़कर दानपेटियों एवं चांदी के आभूषण चोरी करते थे। वारदातों में प्रयुक्त मोटरसाइकिलें भी पहले चोरी की जाती थीं। गिरोह का एक सदस्य पहले रेकी करता था, जिसके बाद अन्य सदस्य चोरी को अंजाम देते थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 17,030 नकद, चांदी का छत्र, चोरी में प्रयुक्त औजार तथा चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इस कार्रवाई में ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड पहले से दर्ज हैं तथा उनसे अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ जारी है।
