नीमच। मेरा युवा भारत, नीमच युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन नगर के क्रमांक-2 खेल मैदान में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना, अनुशासन एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना रहा।
इस प्रतियोगिता में विभिन्न प्रकार की खेल गतिविधियाँ आयोजित की गईं। सामूहिक प्रतियोगिताओं के अंतर्गत बालकों के लिए रस्साकशी एवं बालिकाओं के लिए खो-खो प्रतियोगिता आयोजित की गई। वहीं एकल प्रतियोगिताओं में बालक एवं बालिका दोनों वर्गों के लिए एथलेटिक्स स्पर्धाएँ करवाई गईं, जिनमें 100 मीटर एवं 200 मीटर दौड़ तथा गोला फेंक शामिल रहे।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को मेरा युवा भारत, नीमच की ओर से पुरस्कार एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा रहीं। अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि “खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं हैं, बल्कि यह अनुशासन, टीमवर्क और आत्मविश्वास विकसित करने का सशक्त जरिया हैं। युवाओं को जीवन में खेलों को अपनाकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।” उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम में कोच के रूप में सरदार पटेल इंस्टीट्यूट से दशरथ पाटीदार एवं सौरभ नागदा ने सभी खिलाड़ियों को प्रशिक्षण प्रदान किया एवं प्रतियोगिताओं का सफल संचालन किया। यह खेलकूद प्रतियोगिता जिला युवा अधिकारी श्री सौरभ श्रीवास्तव के मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में संपन्न हुई। आयोजन को लेकर खिलाड़ियों एवं युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।