मनासा। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत, नीमच युवा कार्यक्रम द्वारा 23 जनवरी को महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती को पराक्रम दिवस के रूप में रा.वि. कॉलेज, मनासा में गरिमामय ढंग से मनाया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य एम.एल. धाकड़ ने की। इस अवसर पर भाषण प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मेरा युवा भारत की ओर से पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अपने प्रेरणादायी संबोधन में प्राचार्य धाकड़ ने युवाओं का मार्गदर्शन करते हुए नेताजी सुभाष चंद्र बोस के संघर्षपूर्ण जीवन, राष्ट्रभक्ति, नेतृत्व क्षमता एवं अदम्य साहस पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नेताजी ने आज़ाद हिंद फौज का गठन कर देश की स्वतंत्रता के लिए संगठित संघर्ष को नई दिशा दी। “जय हिंद” का नारा देकर उन्होंने पूरे राष्ट्र में जोश और आत्मबल का संचार किया।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि फॉरवर्ड ब्लॉक की स्थापना कर नेताजी ने राष्ट्रहित को सर्वाेपरि रखते हुए राजनीतिक चेतना को मजबूत किया, जो आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। कार्यक्रम का संचालन स्मिता मैडम द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया। संपूर्ण आयोजन जिला युवा अधिकारी सौरभ श्रीवास्तव के दिशा-निर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं में देशभक्ति, कर्तव्यबोध एवं पराक्रम की भावना को सुदृढ़ करने का सार्थक प्रयास किया गया।