प्रतापगढ़। प्रतापगढ़ जिले के अरनोद ब्लॉक अंतर्गत सालमगढ़ मंडल के रायपुर गतगढ़ गौशाला परिसर में रविवार को नरेगा बचाओ जनाक्रोश रैली का आयोजन किया गया। रैली को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक रामलाल मीणा ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में स्वीकृत विकास कार्य आज तक पूरे नहीं हो पा रहे हैं और नरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजना को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
रामलाल मीणा ने कहा कि नरेगा योजना को पुनः पूरी मजबूती के साथ लागू कराने के लिए वे संघर्ष जारी रखेंगे और गरीब मजदूरों के अधिकारों की हर स्तर पर रक्षा करेंगे। उन्होंने कहा कि नरेगा केवल रोजगार का साधन नहीं, बल्कि ग्रामीण गरीबों के सम्मान और आत्मनिर्भरता की आधारशिला है।
इस अवसर पर कार्यक्रम में नव-नियुक्त जिला कांग्रेस अध्यक्ष दिग्विजय सिंह पुरावत का कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। कार्यक्रम में प्रभारी इमरोज़ खान, ब्लॉक अध्यक्ष कैलाश भाटी, मंडल अध्यक्ष बृजेंद्र सिंह, शांतिलाल मीणा, अशोक कुमार सुथार, ईश्वर लाल मालवीय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। दलोट क्षेत्र से भी अनेक कार्यकर्ताओं की सहभागिता रही।
रैली के दौरान कांग्रेस को बड़ी राजनीतिक मजबूती मिली, जब घाव गांव एवं रायपुर क्षेत्र से कई कार्यकर्ताओं ने भाजपा एवं बाप पार्टी छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस में शामिल होने वालों में चेन सिंह, नंदकिशोर पाटीदार, बसंतलाल, लक्ष्मण, दशरथ, कवरलाल, निलेश, सुनील, भंवरलाल सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।
नवप्रवेशी कार्यकर्ताओं का स्वागत पूर्व विधायक रामलाल मीणा एवं जिला अध्यक्ष दिग्विजय सिंह पुरावत ने किया। वक्ताओं ने कहा कि रामलाल मीणा की निरंतर सक्रियता और जनसंपर्क का ही परिणाम है कि क्षेत्र में कांग्रेस का जनाधार लगातार मजबूत हो रहा है।
कार्यक्रम के अंत में नरेगा, रोजगार, किसान एवं मजदूर हितों को लेकर कांग्रेस के संघर्ष को और तेज करने का संकल्प लिया गया।