चित्तौड़गढ़। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के दिशा-निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी, चित्तौड़गढ़ द्वारा जिला अध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया की अध्यक्षता में जिला कलेक्टर चौराहे पर केंद्र एवं राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ ‘महानरेगा बचाओ संग्राम’ के तहत धरना-प्रदर्शन किया गया।
जिला महामंत्री अहसान पठान ने बताया कि भाजपा की केंद्र व राज्य सरकार महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) को कमजोर करने की साजिश कर रही है। इसके तहत योजना से महात्मा गांधी का नाम हटाने और रोजगार के कानूनी अधिकार को समाप्त करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे कांग्रेस कदापि बर्दाश्त नहीं करेगी।
धरने को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया एवं पूर्व विधायक राजेन्द्र सिंह विधूड़ी ने कहा कि भाजपा के इस मंसूबे को कांग्रेसजन कभी सफल नहीं होने देंगे। इसके विरोध में पूरे जिले में उग्र आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि इसके लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जेल भी जाना पड़े, तो वे पीछे नहीं हटेंगे, लेकिन रोजगार गारंटी योजना को कमजोर नहीं होने देंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के शासनकाल में विकास कार्य ठप हो गए हैं और केवल नाम बदलने तथा देश की संपत्तियों को बेचने का काम किया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मनरेगा योजना को लाने और लागू करने में कांग्रेस का अहम योगदान रहा है। यह योजना किसी पार्टी विशेष की नहीं, बल्कि देश और जनहित से जुड़ी हुई है। उन्होंने बताया कि यह धरना-प्रदर्शन आगामी दिनों में जिले के सभी ब्लॉक, मंडल, पंचायत एवं वार्ड स्तर पर भी आयोजित किया जाएगा।
धरने को बड़ीसादड़ी विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी रहे बद्रीलाल जाट, सेवादल के राष्ट्रीय सचिव पीयूष त्रिवेदी, प्रदेश सचिव डॉ. ललित बोरीवाल, रंजना शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष परमेश्वर कुमार जाट, लाल सिंह जाट, वरिष्ठ कांग्रेस नेता करण सिंह सांखला, सुमंत सुवालका, प्रमोद मोदी, दिनेश चाष्टा, अग्रिम संगठन से गौतम विजयवर्गीय, संजय राव, सना खान, शानू खान, पिंकी, जिला पदाधिकारी दिनेश गुर्जर, अरुण कंडारा, मंडल अध्यक्ष इम्तियाज हुसैन, दिनेश शर्मा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष दिलीप चौधरी, सुनील चौहान, गोपाल सालवी, देवेंद्र सालवी, पवन मेडतवाल, पप्पू चोपड़ा, कमलेश शर्मा, भगवानलाल अहीर, शुभम शर्मा सहित अनेक नेताओं ने संबोधित किया।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री अहसान पठान ने किया। इस दौरान जिलेभर से सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। साथ ही मनरेगा से जुड़ी श्रमिक महिलाएं भी धरना स्थल पर मौजूद रहीं और उन्होंने अपनी समस्याएं एवं विचार साझा किए। सभी ब्लॉक अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, पंचायत राज प्रतिनिधि, नगर निकाय प्रतिनिधि एवं अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी भी प्रदर्शन में शामिल रहे।