नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच के वार्ड क्रमांक 35 से बीजेपी पार्षद आलोक सोनी की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने नगर पालिका की राजनीति में नई चर्चा को जन्म दे दिया है। यह पोस्ट ऐसे समय सामने आई है, जब नगर पालिका में पहले से ही यह आरोप आम हैं कि बिना लेन-देन के काम नहीं होते और कई पार्षद पैसे लेकर कार्य कराते हैं।
बीजेपी पार्षद आलोक सोनी ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा—
“एक दोगला इंसान जो सब तरफ भागता फिरता है और अपने मतलब का काम करवाता है।”
हालांकि पोस्ट में किसी का नाम स्पष्ट नहीं किया गया, लेकिन इसके बाद शहर और राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह के कयास लगाए जाने लगे। लोग यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर वह “दोगला इंसान” कौन है, जिसको लेकर पार्षद को सार्वजनिक रूप से ऐसी टिप्पणी करनी पड़ी।
इस पोस्ट पर कई नेताओं और नागरिकों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। कांग्रेस पार्षद महेंद्र ‘मोनू’ लोक्स ने कमेंट करते हुए “मदारी” लिखा, वहीं मुकेश चोपड़ा ने प्रतिक्रिया दी—
“आलोक जी, एक बार नाम तो खोल दो, तब खुद का भी पता चल जाएगा कि अपन क्या कर रहे हैं।”
बीजेपी की ही पार्षद शशि कल्याणी ने भी पोस्ट पर सवाल उठाते हुए लिखा—
“कौन है वो?”
इन प्रतिक्रियाओं के बाद मामला और गर्मा गया है। अब इस पोस्ट के कई राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। चर्चा इस बात को लेकर है कि क्या यह इशारा किसी पार्षद, ठेकेदार या किसी प्रभावशाली व्यक्ति की ओर है, जो काम निकलवाने के लिए इधर-उधर भागता रहा है।
फिलहाल पार्षद आलोक सोनी की ओर से इस मामले में कोई स्पष्ट नाम या अतिरिक्त बयान सामने नहीं आया है, लेकिन उनकी एक पोस्ट ने नगर पालिका परिषद के भीतर और बाहर सियासी हलचल जरूर तेज कर दी है।