देवास। ग्राम नायता पूवाडला में करोड़ों रुपये की लागत से बनी पुलिया में घटिया निर्माण और संभावित बड़े हादसे को लेकर वॉइस ऑफ़ एमपी के द्वारा प्रमुखता से खबर प्रकाशित होते ही पीडब्ल्यूडी विभाग में हड़कंप मच गया। खबर का असर ऐसा रहा कि अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और जेसीबी मशीन से क्षतिग्रस्त फेसवाल को तुड़वाकर नए सिरे से निर्माण के आदेश जारी कर दिए।
अधिकारियों ने गुणवत्तापूर्ण पुनर्निर्माण के सख्त निर्देश दिए हैं और ठेकेदार को स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि अब किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
पीडब्ल्यूडी कार्यपालन यंत्री मोहन डेहरिया ने बताया कि पुलिया का निर्माण करीब एक वर्ष पूर्व हुआ था, जिसकी फेसवाल क्षतिग्रस्त हो गई थी। मामला सामने आते ही संबंधित ठेकेदार का भुगतान तत्काल रोक दिया गया। यह निर्माण कार्य आस्था कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा किया जा रहा है, जिसकी देखरेख एसडीओ आनंद गुप्ता कर रहे हैं।
करीब 1.6 किलोमीटर लंबी सीसी रोड और पुलिया का निर्माण लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। अब पूरी क्षतिग्रस्त फेसवाल हटाकर नई मजबूत दीवार का निर्माण किया जाएगा, उसके बाद सीसी रोड का कार्य पूर्ण किया जाएगा।
वॉइस ऑफ़ एमपी की खबर के बाद हुई त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते घटिया निर्माण का यह मामला उजागर नहीं होता, तो यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था।
यह मामला एक बार फिर साबित करता है कि जनहित में की गई निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता व्यवस्था को झकझोरने की ताकत रखती है। वॉइस ऑफ़ एमपी की आवाज उठते ही प्रशासन हरकत में आया और एक संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई।