मल्हारगढ़। ग्राम कांडियाखेड़ा, तहसील मल्हारगढ़, जिला मंदसौर के ग्रामीणों ने गांव में आपसी भाईचारा, सौहार्द और शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर प्रशासन से सहयोग की अपील की है।
ग्रामीणों ने आवेदन में बताया कि गांव में हिंदू एवं मुस्लिम समाज के लोग लंबे समय से आपसी प्रेम, विश्वास और भाईचारे के साथ निवास कर रहे हैं। गांव में आज तक किसी भी प्रकार का हिंदू-मुस्लिम विवाद या सामाजिक तनाव की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई है।
आवेदन में उल्लेख किया गया कि सभी समाजों के लोग मिल-जुलकर रहते हैं और धार्मिक त्योहारों को भी शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाते हैं। ग्रामीणों ने कहा कि गांव में किसी प्रकार की आपसी रंजिश या विवाद नहीं है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से आग्रह किया कि गांव की आपसी एकता, भाईचारा और शांति व्यवस्था को बनाए रखने में आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए, ताकि भविष्य में भी गांव में सौहार्दपूर्ण माहौल कायम रहे।