नीमच। भारतीय जनता पार्टी जिला संगठन द्वारा विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (GRAMG) के अंतर्गत ग्रामीण जनजागरण अभियान को लेकर तपोभूमि परिसर में आयोजित जिला स्तरीय एकदिवसीय कार्यशाला मंगलवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुई। कार्यशाला में अभियान की रूपरेखा, उद्देश्य एवं आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यशाला में क्षेत्रीय सांसद सुधीर गुप्ता मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विकसित भारत गारंटी एवं रोजगार-आजीविका से जुड़ी केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि अभियान का मूल उद्देश्य योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे मंडल एवं बूथ स्तर तक जनजागरण अभियान को सक्रिय रूप से संचालित करें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल ने की। विशेष अतिथि के रूप में विधायक दिलीप सिंह परिहार, मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू एवं नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा उपस्थित रहे।
जिला संयोजक धनसिंह कैथवास ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के अंतर्गत आगामी दिनों में मंडल स्तर पर भी कार्यशालाओं एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। अभियान के प्रभावी संचालन हेतु संगठन द्वारा किरण शर्मा, सतीश व्यास, अश्विनी सनी एवं नेवल गिरी गोस्वामी को सह-संयोजक नियुक्त किया गया है। कार्यशाला में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, मंडल प्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।