नीमच। शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया ने शनिवार 7 फरवरी को स्वास्थ्य अधिकारी दिनेश टांक एवं स्वच्छता निरीक्षक भारत सिंह भारद्वाज के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था का आकस्मिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण की शुरुआत दशहरा मैदान से की गई, जहां अस्थायी दुकानदारों को दुकानों के बाहर गंदगी न करने के निर्देश दिए गए तथा मौके पर चालान की कार्रवाई की गई। इसके बाद सीएमओ बामनिया स्कीम नंबर-9 स्थित शंकर ऑयल मिल एवं मूलचंद मार्ग पहुंचीं, जहां सड़क किनारे बंधे पशुओं को मौके पर ही हटवाया गया और भविष्य में पशु न बांधने की सख्त चेतावनी दी गई।
इसके पश्चात निरीक्षण के दौरान बघाना, ग्वालटोली, बरुखेड़ा रोड एवं जिला चिकित्सालय परिसर में भी सड़क किनारे बंधे पशु पाए जाने पर उन्हें हटवाया गया। जिला चिकित्सालय के बाहर सड़क तक अस्थायी रूप से नर्सरी लगाकर पौधे बेचने वालों को अतिक्रमण तत्काल हटाने के निर्देश देते हुए चेतावनी दी गई।
निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए कर्मचारियों की अनुपस्थिति दर्ज करने के निर्देश भी सीएमओ द्वारा स्वास्थ्य अधिकारी को दिए गए।