मंदसौर। मंदसौर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा कल 8 फरवरी को गांधी चौराहा पर एकदिवसीय जिला स्तरीय धरना प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। यह धरना मनरेगा योजना को कमजोर करने, भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों तथा हाल ही में हुई बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से किसानों को हुए नुकसान के विरोध में किया जा रहा है। धरना समाप्ति के बाद प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर किसानों के लिए तत्काल राहत एवं मुआवजे की मांग की जाएगी।
धरना जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र सिंह गुर्जर के नेतृत्व में आयोजित होगा। कांग्रेस का आरोप है कि केंद्र सरकार मनरेगा जैसी महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना को कमजोर करने की दिशा में कार्य कर रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में गरीब एवं मजदूर वर्ग को रोजगार संकट का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस ने बताया कि जिले में बेमौसम बारिश एवं ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान हुआ है, लेकिन अब तक किसानों को न तो पर्याप्त राहत मिली है और न ही मुआवजे की घोषणा की गई है। धरने के माध्यम से फसल नुकसान का तत्काल सर्वे कराने, उचित मुआवजा देने एवं मनरेगा को पूर्ववत प्रभावी रूप से लागू करने की मांग की जाएगी।
पूर्व मंत्री व विधायक होंगे शामिल-
इस धरना प्रदर्शन में कांग्रेस वर्किंग कमेटी की सदस्य एवं पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगी। साथ ही पूर्व मंत्री, विधायक, पूर्व विधायक, जिला व जनपद स्तर के पदाधिकारी एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता भी शामिल होंगे।
भाजपा पर मनरेगा कमजोर करने का आरोप-
मंदसौर विधायक विपिन जैन ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह सरकार द्वारा शुरू की गई मनरेगा योजना से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास और रोजगार को मजबूती मिली थी। भाजपा सरकार राजनीतिक भेदभाव के चलते इस योजना को कमजोर कर रही है। कांग्रेस इसका विरोध कर रही है और इसी उद्देश्य से जिला स्तरीय धरना आयोजित किया गया है।
उन्होंने किसानों, मजदूरों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में धरना प्रदर्शन में शामिल होकर सरकार पर दबाव बनाने की अपील की।