नीमच। नगर पालिका नीमच के वार्ड क्रमांक 16 स्थित टाल मोहल्ला, जामा मस्जिद के पीछे क्षेत्र में पेयजल संकट गहरा गया है। क्षेत्र के रहवासियों ने कलेक्टर से जनसुनवाई में सामूहिक आवेदन देकर आरोप लगाया कि गंदे पानी की शिकायत करने के बाद उनके नल कनेक्शन बंद कर दिए गए, जिससे पिछले एक माह से मोहल्लेवासी पेयजल के लिए भटक रहे हैं। जनसुनवाई में प्रस्तुत आवेदन में बताया गया कि मोहल्ले के नलों में लंबे समय से गटर मिश्रित और दूषित पानी आ रहा था। इस संबंध में पूर्व में भी पार्षद और अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा नगर पालिका और कलेक्टर कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।मोहल्ले के लोगों ने बताया कि पेयजल व्यवस्था ठप होने से दैनिक जीवन प्रभावित हो गया है और उन्हें दूरस्थ स्थानों से पानी लाना पड़ रहा है। आगामी रमजान को देखते हुए स्थिति और गंभीर हो गई है। आवेदन में पाइपलाइन की सफाई, गंदे पानी की समस्या का स्थायी निराकरण और तत्काल नल सप्लाई पुनः शुरू करने की मांग की गई है।
रहवासियों ने कलेक्टर से हस्तक्षेप कर नगर पालिका को आवश्यक निर्देश जारी करने का अनुरोध किया है, ताकि क्षेत्र में नियमित और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।