नीमच। सिंधी कॉलोनी निवासी रानी मालानी ने अपने खरीदे हुए भूखंड पर कथित अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर कलेक्टर जनसुनवाई में आवेदन प्रस्तुत किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मामला तीन वर्षों से राजस्व विभाग में लंबित है, लेकिन अब तक न अतिक्रमण हटा और न ही मौके का निरीक्षण किया गया।आवेदन के अनुसार रानी मालानी ने वर्ष 2019 में भोलियावास में लगभग 2800 वर्गफीट का भूखंड रजिस्टर्ड विक्रय पत्र के माध्यम से खरीदा था। आरोप है कि समीपवर्ती व्यक्ति द्वारा उनकी करीब 400 स्क्वायर फीट भूमि पर अवैध निर्माण किया जा रहा है। इस संबंध में तहसीलदार और एसडीएम कार्यालय में आवेदन व अपील की गई। एसडीएम द्वारा निर्माण रोकने के निर्देश भी जारी किए गए, लेकिन जमीन राजस्व सीमा में होने का हवाला देकर ग्राम पंचायत ने कार्रवाई में असमर्थता जता दी।मालानी का कहना है कि इसके बाद भी तहसीलदार स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि प्रस्तावित भूमि पर उनके पति आयुर्वेदिक चिकित्सक राजकुमार मालानी द्वारा जनसेवा हेतु अस्पताल स्थापित करने की योजना है, जो विवाद के कारण रुकी हुई है। रानी मालानी ने मामले में शीघ्र और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।