नीमच। जिले के कुकडेश्वर क्षेत्र की जूना खाकर देव महाराज समिति ने कलेक्टर को शिकायत आवेदन प्रस्तुत कर गांव कुकडेश्वर स्थित सर्वे नंबर 1257 की भूमि के आवंटन को निरस्त करने की मांग उठाई है। शिकायत में कहा गया है कि कलेक्टर न्यायालय के प्रकरण में 29 जुलाई 2019 को पारित आदेश की निर्धारित शर्तों का पालन अब तक नहीं किया गया है।आवेदन के अनुसार संबंधित भूमि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवंटित की गई थी, जबकि यह भूमि खाकर बावजी मंदिर से जुड़ी बताई गई है, जहां नियमित रूप से श्रद्धालुओं का आवागमन रहता है। आदेश में स्पष्ट शर्त थी कि आवंटन के दो वर्ष के भीतर निर्माण कार्य शुरू करना अनिवार्य होगा, अन्यथा आवंटन स्वतः निरस्त माना जाएगा।शिकायतकर्ताओं ने बताया कि निर्धारित समयावधि बीत जाने के बाद भी मौके पर कोई निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हुआ और भूमि अब भी खाली पड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भूमि के आवंटन की प्रक्रिया में अनियमितता बरती गई।समिति ने कलेक्टर से मांग की है कि आदेश उल्लंघन को आधार मानते हुए भूमि का आवंटन निरस्त कर उसे मंदिर के नाम राजस्व अभिलेखों में दर्ज किया जाए।