नीमच। पूरे प्रदेश के साथ-साथ मंगलवार से नीमच जिले में भी मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षाओं का शुभारंभ हो गया। पहले दिन अंग्रेज़ी विषय की परीक्षा आयोजित की गई, जो जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं सुव्यवस्थित तरीके से सम्पन्न हुई।
परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह, आत्मविश्वास और गंभीरता का माहौल देखने को मिला। जिले में कक्षा 12वीं की परीक्षाओं के लिए कुल 39 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 7 मार्च तक परीक्षा सत्र आयोजित किया जाएगा। सभी केंद्रों पर निगरानी, सुरक्षा एवं अनुशासन के विशेष प्रबंध किए गए हैं।
परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व ही छात्र-छात्राएं समय पर परीक्षा केंद्रों पर पहुंच गए थे। शहर के उत्कृष्ट विद्यालय परीक्षा केंद्र पर पहले दिन 460 विद्यार्थियों ने अंग्रेज़ी विषय की परीक्षा दी। केंद्र पर प्रवेश, पहचान सत्यापन और बैठने की व्यवस्था सहित सभी प्रक्रियाएं नियमानुसार संपन्न कराई गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा बिना किसी व्यवधान के सम्पन्न हुई। कहीं से भी अव्यवस्था अथवा अनुचित गतिविधि की कोई सूचना नहीं मिली है। शिक्षा विभाग को उम्मीद है कि इस वर्ष भी जिले का परीक्षा परिणाम बेहतर रहेगा।
उल्लेखनीय है कि 14 फरवरी से हाई स्कूल (कक्षा 10वीं) की बोर्ड परीक्षाएं भी प्रारंभ हो जाएंगी।