देवास। टोंकखुर्द तहसील के ग्राम फतेहपुरखेड़ा में सेवानिवृत्त फौजी की निजी भूमि से कथित तौर पर जबरन रास्ता खोलने का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान मुकेश मालवीय ने सैनिक संगठन के साथ जनसुनवाई में कलेक्टर ऋतुराज सिंह को आवेदन देकर राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
उनका कहना है की खसरा नंबर 82 स्थित उनकी निजी जमीन से गांव के कुछ लोगों द्वारा 12 फीट चौड़ा और करीब 300 फीट लंबा रास्ता निकालने का दबाव बनाया गया, जबकि संबंधित पक्ष की जमीन पहले से ही सरकारी सड़क से जुड़ी है। पीड़ित का कहना है कि पूर्व में पटवारी-तहसीलदार ने निरीक्षण कर उनकी जमीन से रास्ता स्वीकृत नहीं होने की बात कही थी।
मुकेश मालवीय के अनुसार 6 फरवरी का नोटिस 8 फरवरी की शाम मोबाइल पर दिया गया और 9 फरवरी को राजस्व अमले ने जेसीबी से रास्ता खुलवा दिया, जिससे खड़ी फसल और फेंसिंग को नुकसान हुआ। उन्होंने नुकसान की भरपाई, कार्रवाई की जांच और जमीन पर पूर्व स्थिति बहाल कराने की मांग की है। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में रिटायर्ड फौजी भी मौजूद रहे।