नीमच। मध्यप्रदेश विद्युत मण्डल पेंशनर्स संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर दो सूत्रीय मांगों को लेकर आज नीमच में भारत माता फोर ज़ीरो चौराहा परविद्युत पेंशनर्स ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है। धरना प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम अधीक्षण यंत्री को ज्ञापन दिया जाएगा।धरने में बड़ी संख्या में पेंशनर्स शामिल हुए और पेंशन सुरक्षा व महंगाई राहत के मुद्दे पर शासन के खिलाफ नाराजगी जताई। वक्ताओं ने कहा कि पेंशनर्स के पेंशन संरक्षण और नियमित भुगतान के लिए निर्धारित नियमावली लागू होने के बावजूद उसका पूर्ण पालन नहीं किया जा रहा है, जिससे सेवानिवृत्त कर्मियों में भविष्य को लेकर असुरक्षा का भाव बना हुआ है।संयुक्त मोर्चा ने मांग रखी है कि विद्युत पेंशनर्स को पेंशन भुगतान की विधिवत शासकीय गारंटी दी जाए तथा महंगाई राहत का भुगतान केंद्र शासन द्वारा घोषित दर और प्रभाव तिथि के अनुसार किया जाए। आरोप लगाया गया कि महंगाई राहत के लिए राशि टैरिफ में प्रावधान अनुसार वसूली जा रही है, लेकिन पेंशनर्स को पूरी दर से भुगतान नहीं मिल रहा।पदाधिकारियों ने बताया कि इससे पहले आंदोलन के प्रथम चरण में भी प्रदेशभर में ज्ञापन दिए गए थे, लेकिन कोई ठोस निर्णय नहीं होने पर द्वितीय चरण का यह धरना आयोजित किया गया है।यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।धरने के दौरान पेंशनर्स ने एकजुटता दिखाते हुए शासन से न्यायपूर्ण और नियम सम्मत कार्रवाई की मांग दोहराई।