सोनकच्छ। पीपलरावाँ क्षेत्र में गोवंश पर हुए प्राणघातक हमले के विरोध में मंगलवार को सकल हिंदू समाज और गौसेवकों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में ग्रामीण और हिंदू संगठन के कार्यकर्ता थाने के सामने एकत्रित हुए, जहां उन्होंने हनुमान चालीसा का पाठ कर शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराया और कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन थाना प्रभारी के नाम नायब तहसीलदार लखनलाल सोनानिया को दिया गया।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि 25 जनवरी 2026 को अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा गोवंश पर प्राणघातक हमला किया गया था, लेकिन घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से क्षेत्र में आक्रोश है।
प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर एसडीओपी दीपा मांडवे और थाना प्रभारी सुबोध गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
सकल हिंदू समाज ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।