देवास। जिला न्यायालय के मजिस्ट्रेट से अभद्रता के मामले में पुलिस व प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए भाजपा नेता पंकज धारू सहित अन्य पर सात से अधिक गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। साथ ही भोपाल रोड व मक्सी रोड बायपास स्थित आरोपी के अवैध अतिक्रमणों पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्तीकरण किया गया।
नाहर दरवाजा थाना क्षेत्र की देवास ग्रीन कॉलोनी में मजिस्ट्रेट प्रसन्न सिंह बेहरावत से विवाद के बाद पुलिस ने पंकज धारू, भीम धारू सहित अन्य के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। थाना प्रभारी अमित सोलंकी ने बताया कि न्यायाधीश के साथ अभद्रता पर कानूनी कार्रवाई की गई है।
तहसीलदार सपना शर्मा ने बताया कि देवास ग्रीन कॉलोनी में रास्ते पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। वहीं ब्राह्मणखेड़ा बिलावली मार्ग पर शासकीय कांकड़ की करीब सवा बीघा जमीन पर बने पोल्ट्री फार्म को भी ध्वस्त किया गया। पूर्व में नोटिस व न्यायालय आदेश के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाने पर कार्रवाई की गई। कार्रवाई में पुलिस बल, नगर निगम व राजस्व अमला मौजूद रहा।
जानकारी के अनुसार 10 फरवरी सुबह न्यायालय जाते समय धनलक्ष्मी मैरिज गार्डन के पास आरोपियों ने वाहन बीच सड़क खड़ा कर रास्ता रोका और गाली-गलौज की। फोटो लेने से रोकते हुए घेराव किया और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत में कुत्तों से हमला कराने के प्रयास का भी उल्लेख है।
अभिभाषक संघ अध्यक्ष अशोक वर्मा ने निर्णय लिया है कि आरोपी के पक्ष में संघ का कोई भी अधिवक्ता पैरवी नहीं करेगा।