नीमच। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार जिले में संकल्प से समाधान अभियान के अंतर्गत जनकल्याणकारी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में जिलेभर में नि:शुल्क नेत्र रोग एवं मोतियाबिंद जांच शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिंगोली में नि:शुल्क नेत्र जांच एवं मोतियाबिंद शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का संचालन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश प्रसाद एवं बीएमओ डॉ. उमेश बसेर के मार्गदर्शन में किया गया। इसमें नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. संगीता भारती, मेडिकल ऑफिसर डॉ. अभिषेक चौहान तथा नेत्र चिकित्सा सहायक प्रकाश सिंधवानी के सहयोग से आशा, आशा सुपरवाइजर एवं अर्बन आशा कार्यकर्ताओं द्वारा नेत्र रोगियों की जांच की गई।
शिविर में कुल 136 नेत्र रोगियों ने नि:शुल्क जांच एवं उपचार का लाभ लिया। इनमें 18 मोतियाबिंद, 13 नाखूना, 18 आंखों की एलर्जी, 8 दूरबीन दृष्टि, 47 पास की दृष्टि के चश्मे एवं अन्य 25 नेत्र रोगियों की जांच की गई। आवश्यकतानुसार रोगियों को नि:शुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।