रतलाम। कलेक्टर मिशा सिंह के मार्गदर्शन में रतलाम जिले में शासकीय विद्यालयों के भौतिक एवं शैक्षणिक वातावरण को सुदृढ़ बनाने हेतु “ज्ञानोदय शाला उन्नयन अभियान” प्रारंभ किया गया है। जिला पंचायत सीईओ वैशाली जैन ने बताया कि यह अभियान शिक्षा के क्षेत्र में जनभागीदारी को बढ़ावा देने की अभिनव पहल है।
अभियान के अंतर्गत समाजसेवी, औद्योगिक संस्थान, स्वयंसेवी संगठन एवं पूर्व छात्र विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए डेस्क प्रायोजित कर सकते हैं, साथ ही कक्षाओं के उन्नयन, मरम्मत व सौंदर्यीकरण में सहयोग दे सकते हैं। ग्राम पंचायतों द्वारा आवश्यकतानुसार रंगाई-पुताई, मरम्मत एवं आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को स्वच्छ एवं अनुकूल शिक्षण वातावरण मिल सके।
इसके साथ ही मनरेगा योजना के तहत विद्यालय परिसरों में जल संरक्षण हेतु वॉटर रिचार्ज स्ट्रक्चर का निर्माण भी किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत प्राप्त सहयोग पूर्ण पारदर्शिता के साथ संबंधित विद्यालयों तक पहुंचाया जाएगा।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस जनहितकारी अभियान में सहभागी बनकर विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में योगदान दें। इच्छुक दानदाता लिंक https://forms.gle/wvpRMjKkyz7AfBqM9 पर जानकारी दर्ज कर अभियान से जुड़ सकते हैं।