मल्हारगढ़। मल्हारगढ़ तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत गुड़भेली बड़ी के माध्यमिक विद्यालय परिसर में स्थित मधुमक्खी का विशाल छत्ता बच्चों की सुरक्षा के लिए चिंता का विषय बन गया है। उल्लेखनीय है कि इसी परिसर में माध्यमिक विद्यालय के साथ-साथ आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-1 एवं 2 का भी संचालन होता है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे बच्चे अध्ययन व अन्य गतिविधियों के लिए आते हैं।
विद्यालय परिसर में स्थित इमली के पेड़ पर बना मधुमक्खियों का छत्ता समय के साथ अत्यधिक बड़ा हो गया है। मधुमक्खियों की बढ़ती गतिविधियों से किसी भी समय दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का कहना है कि बच्चों को डंक लगने का खतरा लगातार बना रहता है, जिससे सभी में भय का माहौल है।
मामले की जानकारी मिलने पर भाजपा मंडल महामंत्री मनोहर माली ग्रामीण भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ विद्यालय परिसर पहुंचे। उन्होंने मौके का निरीक्षण कर विद्यालय एवं आंगनवाड़ी स्टाफ से स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान शिक्षिकाओं ने बताया कि छत्ता हटवाने के लिए ग्राम पंचायत में लिखित आवेदन दिया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
ग्रामीणों, शिक्षकों एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने प्रशासन और पंचायत से मांग की है कि बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शीघ्र ही मधुमक्खी के छत्ते को हटवाया जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।