नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा के मार्गदर्शन में चल रही विकास श्रृंखला के तहत 13 फरवरी, शुक्रवार को प्रातः 11 बजे वार्ड क्रमांक 23 में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंतर्गत कालिका माता मंदिर परिसर, स्कीम नंबर 7 में मुख्यमंत्री नगरीय क्षेत्र अधोसंरचना निर्माण योजना के तहत 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित कम्युनिटी हॉल डोम का लोकार्पण किया जाएगा। साथ ही याकूब चाचा के मकान से बबलू यादव के मकान तक 14.59 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्य का भूमि पूजन भी किया जाएगा।
उपरोक्त जानकारी वार्ड क्रमांक 23 की पार्षद गुंजन विष्णु राठौर ने दी। उन्होंने बताया कि कम्युनिटी हॉल में डोम निर्माण हेतु विधायक दिलीप सिंह परिहार द्वारा वार्डवासियों की मांग पर शासन से 20 लाख रुपये की स्वीकृति दिलाई गई थी।
यह कार्यक्रम सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक दिलीप सिंह परिहार, भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष मोहन सिंह राणावत के मुख्य आतिथ्य में तथा नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा की अध्यक्षता में आयोजित होगा। कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष रंजना करण सिंह परमार, लोक निर्माण सभापति मनोहर मोटवानी, समस्त सभापतिगण, पार्षदगण एवं गणमान्य नागरिक विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
पार्षद राठौर ने सभी सभापतिगण, पार्षदगण, पत्रकारगण, गणमान्य नागरिकों एवं वार्डवासियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने का अनुरोध किया है।