मंदसौर। जिले में निर्यात गतिविधियों को बढ़ावा देने और उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय निर्यात प्रोत्साहन समिति की बैठक सुशासन भवन स्थित सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर अदिति गर्ग ने की। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन, उद्योग विभाग के महाप्रबंधक रायकवार, विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) के अधिकारी, जिले के उद्योगपति एवं निर्यातक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर डीजीएफटी अधिकारियों ने निर्यात से संबंधित पंजीयन, लाइसेंस प्रक्रिया, निर्यात योग्य देशों की जानकारी, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म तथा अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं पर पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि फॉरेन ट्रेड से जुड़ी अधिकांश प्रक्रियाएं अब ऑनलाइन संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि “इंडिया ट्रेड कनेक्ट” पोर्टल के माध्यम से बायर्स और सेलर्स की जानकारी आसानी से प्राप्त की जा सकती है। साथ ही एमएसएमई सपोर्ट स्कीम, गवर्नमेंट प्रमोशन स्कीम और ई-कॉमर्स गाइडबुक की जानकारी भी साझा की गई। डीजीएफटी की वेबसाइट पर ई-कॉमर्स से संबंधित विस्तृत गाइडबुक उपलब्ध है, जहां निर्यात से जुड़ी सभी आवश्यक जानकारियां प्राप्त की जा सकती हैं।
निर्यातकों के लिए व्हाट्सएप समूह बनाने के निर्देश-
कलेक्टर अदिति गर्ग ने कहा कि बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में निर्यात के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उद्यमियों को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने उद्योग विभाग को निर्देश दिए कि जिले के सभी निर्यातकों का एक व्हाट्सएप समूह बनाया जाए, ताकि सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान संभव हो सके।
साथ ही डीजीएफटी के साथ समन्वय स्थापित कर निर्यात प्रोत्साहन हेतु विशेष कार्यक्रम तैयार करने के निर्देश दिए गए, जिससे अधिक से अधिक किसान और व्यापारी निर्यात गतिविधियों से जुड़ सकें।
निर्यात इकाइयों की समस्याओं पर हुआ संवाद-
बैठक में एमएसएमई विभाग, विदेश व्यापार महानिदेशालय एवं नाबार्ड द्वारा संचालित निर्यात प्रोत्साहन योजनाओं का प्रस्तुतीकरण किया गया। जिले की निर्यात इकाइयों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों पर चर्चा की गई। साथ ही वर्ष 2021-22 से 2024-25 तक जिले के निर्यात विश्लेषण एवं निर्यातित वस्तुओं की समीक्षा भी की गई।