मंदसौर। अष्टमुखी भगवान पशुपतिनाथ मंदिर परिसर में नव निर्मित पशुपतिनाथ लोक के लोकार्पण के पश्चात अब परिसर को प्रदूषण मुक्त और स्वच्छ बनाए रखने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को जिला प्रशासन एवं पशुपतिनाथ मंदिर प्रबंधन समिति के संयुक्त तत्वावधान में जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
कलेक्टर अदिति गर्ग के निर्देश पर आयोजित इस रैली में मंदिर के पुजारी, बटुक, सुरक्षाकर्मी एवं कर्मचारी शामिल हुए। रैली के माध्यम से मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र के दुकानदारों से प्लास्टिक के उपयोग को पूरी तरह बंद करने की अपील की गई।
रैली के दौरान विशेष रूप से खुदरा दुकानदारों एवं फूल-माला विक्रेताओं को प्लास्टिक थैलियों के स्थान पर कपड़े की थैलियों के उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर दुकानदारों को कपड़े की थैलियां भी वितरित की गईं, ताकि वे तत्काल प्लास्टिक का प्रयोग बंद कर सकें। मंदिर समिति ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण भी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पुजारी और बटुक भी अभियान में हुए शामिल-
हाल ही में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा पशुपतिनाथ लोक का लोकार्पण किए जाने के बाद श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने यह अभियान प्रारंभ किया है। रैली में मंदिर प्रबंधन समिति के पुजारी, बटुक, सफाईकर्मी, सुरक्षाकर्मी एवं अन्य कर्मचारी सक्रिय रूप से शामिल रहे।
शिवना नदी को स्वच्छ रखना भी उद्देश्य-
पशुपतिनाथ मंदिर के पुजारी ने बताया कि मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं कलेक्टर अदिति गर्ग द्वारा यह संकल्प लिया गया है कि मंदिर क्षेत्र को पूर्ण रूप से पॉलिथीन मुक्त बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस जन-जागरूकता रैली के माध्यम से सभी दुकानदारों से विशेष आग्रह किया गया है कि वे पॉलीथिन का उपयोग न करें। इस पहल का उद्देश्य न केवल मंदिर परिसर को स्वच्छ रखना है, बल्कि मंदिर से लगी पवित्र शिवना नदी को भी स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बनाए रखना है।