छतरपुर। जिला के बागेश्वर धाम में आयोजित होने जा रहे सातवें सामूहिक कन्या विवाह महोत्सव को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। प्रारंभ हो रहे इस भव्य आयोजन में 300 बेटियों की हल्दी और तेल की रस्म संपन्न कराई जाएगी। हल्दी और मंडप कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हो रहे हैं। मुख्यमंत्री के दौरे से पहले रात्रि के 1 बजे क्षेत्रीय विधायक अरविंद पटेरिया ने देर रात्रि बागेश्वर धाम पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बागेश्वर धाम समिति के सदस्यों के साथ अन्नपूर्णा पंडाल सहित पूरे कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और सुरक्षा, पार्किंग, बैठक व्यवस्था, भोजन व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। सातवें कन्या विवाह कार्यक्रम में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन और धाम समिति मिलकर आयोजन को सुव्यवस्थित और सफल बनाने में जुटी हुई है। निर्धारित कार्यक्रमके अनुसार 13 फरवरी को मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव दोपहर 3ः45 बजे बागेश्वर धाम पहुंचेंगे और कन्या विवाह महोत्सव की रस्मों में शामिल होंगे, कन्या विवाह कार्यक्रम स्थल के निरीक्षण के दौरान पटेरिया ने कहा कि बागेश्वर धाम पर यह 7 वां कन्या विवाह का अनूठा कार्यक्रम होने जा रहा है। हमारे महाराज जी यह अनूठा कार्यक्रम कर रहे हैं, जो गरीब कन्याओं का बारीकी से सर्वे करवा कर, गरीब, मजदूर, आग्रहित, दीनहीन को चुनकर धाम से विवाह संपन्न करवाते हैं। लोग अपने आप को धन्य मानते हैं। हम सौभाग्यशाली हैं। कन्याओं के विवाह में शामिल होने के लिए आ रहे भक्तों के लिए रात्रि में सैकड़ों महिलाएं पूड़ियां बेलने के लिए लगी हुई हैं। विधायक ने क्षेत्रीय लोगों से अपील की कि इस विशाल कन्या विवाह में आप सभी आएं और सहभागिता करें।