देवास। प्राचार्य शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज देवास शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज देवास के विद्यार्थियों को शैक्षणिक एवं व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करने के उद्देश्य से सिंगाजी थर्मल पावर प्लांट, मुंडी (खंडवा) का औद्योगिक भ्रमण कराया गया। इस औद्योगिक भ्रमण का आयोजन प्लेसमेंट सेल द्वारा किया गया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को विद्युत उत्पादन की प्रक्रिया, आधुनिक मशीनों की कार्यप्रणाली, सुरक्षा मानकों तथा उद्योग में प्रयुक्त नवीन तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी गई। पावर प्लांट के अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों के तकनीकी प्रश्नों का सरल एवं प्रभावी ढंग से समाधान किया गया।
प्लेसमेंट अधिकारी डॉ विवेक वैद्य ने बताया कि इस प्रकार के औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। इससे विद्यार्थियों को न केवल व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होता है, बल्कि उद्योगों की वास्तविक कार्यसंस्कृति को समझने का अवसर भी मिलता है। भविष्य में भी इसी प्रकार के औद्योगिक भ्रमण आयोजित किए जाएंगे। ताकि विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुख शिक्षा मिल सकें। भ्रमण में इलेक्ट्रॉनिक एंड टेली कम्युनिकेशन से डॉ प्रियंक सुनहरे, कंप्यूटर साइंस से व्याख्याता रज्जु जम्बेकर, मैकेनिकल से व्याख्याता नवीन पटीदार एवं संतोष परमार का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।