नीमच। नीमच केंट क्षेत्र स्थित वार्ड क्रमांक 23 में आज आधारभूत विकास कार्यों को लेकर एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा मुख्यमंत्री नगरीय क्षेत्र अधोसंरचना निर्माण योजना के अंतर्गत कम्युनिटी हॉल डोम के लोकार्पण तथा सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्य के भूमि पूजन का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दिलीप सिंह परिहार, विधायक नीमच एवं अध्यक्षता स्वाति चोपड़ा, नगर पालिका परिषद नीमच की अध्यक्ष ने की। कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा वार्डवासियों को विकास कार्यों की सौगात दी गई।
उल्लेखनीय है कि कालिका माता मंदिर परिसर में योजना के तहत 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित कम्युनिटी हॉल डोम का लोकार्पण किया गया। वहीं याकूब चाचा के मकान से बबलू यादव के मकान तक 14.59 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया गया। इन कार्यों से क्षेत्र में सामुदायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ ही आवागमन की सुविधा सुदृढ़ होगी।
समारोह को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं का विकास नगर पालिका की प्राथमिकता है और आगे भी इसी प्रकार विकास कार्य निरंतर किए जाएंगे।
कार्यक्रम में हेमंत हरित, मोहनसिंह राणावत, आदित्य मालू, रंजन परमाल, दुर्गा बामनिया (सीएमओ), मनोहर मोटवानी, छाया जायसवाल एवं धनसिंह कैथवास मंचासीन रहे। स्वागत उद्बोधन पार्षद गुंजन विष्णु राठौड़ ने दिया, जबकि कार्यक्रम का संचालन विजय बाफना ने किया। इस अवसर पर विभिन्न पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।