देवास। पुलिस के “ऑपरेशन त्रिनेत्रम” के तहत नेमावर स्थित पवित्र नर्मदा घाट और नगर परिषद क्षेत्र को पूरी तरह सीसीटीवी निगरानी से लैस कर दिया गया है। अब नगर परिषद नेमावर जिले की पहली पूर्णतः सीसीटीवी निगरानी युक्त नगर परिषद बन गई है।
जिला पुलिस के अभिप्रेरण पर नगरवासियों ने जनसहयोग से करीब 10 लाख रुपये की लागत से 20 चिन्हित स्थानों पर कुल 57 सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। ये सभी कैमरे कंट्रोल रूम से जुड़े हैं, जिनसे 24 7 निगरानी की जाएगी। प्रमुख बाजार, जुलूस मार्ग, घाट, मंदिर परिसर, पार्किंग और प्रवेश-निकास मार्गों पर कैमरे लगाए गए हैं, जिससे धार्मिक आयोजनों और भीड़ के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ होगी।
इस पहल के तहत पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद, विधायक आशीष शर्मा सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी नेमावर पहुंचे और सीसीटीवी नेटवर्क का निरीक्षण किया। ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत सहयोग करने वाले नागरिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने जिले के विभिन्न स्थानों व चौकियों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
विधायक आशीष शर्मा ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि नागरिक सुरक्षा सर्वाेपरि है। पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में जिले में बेहतर पुलिसिंग हो रही है। ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में लगाए जा रहे सीसीटीवी कैमरे अपराध नियंत्रण में मददगार साबित होंगे। उन्होंने पुलिस विभाग को बधाई देते हुए जनसहयोग करने वाले नागरिकों का भी आभार जताया।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने कहा कि “सीसीटीवी कैमरे अपराधों की रोकथाम के साथ अपराधियों की पहचान और विवेचना में अहम भूमिका निभाते हैं। इनके माध्यम से पुलिस को त्वरित कार्रवाई और न्यायालय में सशक्त साक्ष्य प्रस्तुत करने में मदद मिलती है।”
उन्होंने बताया कि 1 नवंबर 2024 से शुरू “ऑपरेशन त्रिनेत्रम” के तहत अब तक जिले में 9805 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा चुके हैं और 46 ग्रामों व 1 नगर परिषद को पूर्णतः सीसीटीवी युक्त बनाया गया है। अभियान आगे भी जारी रहेगा।