चित्तौड़गढ़। पुलिस कर्मियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस लाईन परिसर में आयोजित विशेष योग एवं होलिस्टिक वेलनेस सत्र अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायक रहा। इस सत्र में विशेषज्ञ प्रशिक्षक ध्रुविल वया और टीम द्वारा अनुशासित मार्गदर्शन, वैज्ञानिक तकनीकों और योग की गहन जानकारी के माध्यम से प्रतिभागियों को फिटनेस, मानसिक शांति, तनाव प्रबंधन तथा समग्र स्वास्थ्य सुधार के प्रभावी उपाय बताए गए। करीब 175 पुलिस कर्मियों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया।
पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि I AM YOGA Studio उदयपुर व प्रयास ए रिवोल्यूशन NGO द्वारा पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के शारिरिक फिटनेस, मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन व समग्र स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से योग एवं वेलनेस सत्र कार्यशाला का आयोजन शुक्रवार को पुलिस लाईन में आयोजित किया गया।
सत्र के दौरान पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों ने विभिन्न योगाभ्यास, श्वास तकनीकों और मानसिक एकाग्रता से जुड़े अभ्यासों में सक्रिय भागीदारी की। प्रतिभागियों ने अनुभव साझा करते हुए बताया कि यह कार्यक्रम पुलिस ड्यूटी की चुनौतीपूर्ण प्रकृति के अनुरूप शारीरिक क्षमता बढ़ाने, मानसिक तनाव कम करने और कार्यक्षमता सुधारने में अत्यंत सहायक सिद्ध हुआ।
वेलनेस पहल के माध्यम से समाज सेवा के प्रति प्रशिक्षक की प्रतिबद्धता तथा सरकारी कर्मचारियों में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उनके सराहनीय योगदान की सभी रैंकों के अधिकारियों ने विशेष प्रशंसा की। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य एवं वेलनेस कार्यक्रमों में निरंतर सहयोग और मार्गदर्शन की अपेक्षा व्यक्त की।
पुलिस विभाग द्वारा इस प्रकार की पहल को कर्मियों के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया है, जिससे बल की कार्यकुशलता, सकारात्मकता और सेवा भावना को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।