नीमच। जिला मुख्यालय पर स्वीकृत सीएम राइज स्कूल भवन का निर्माण कार्य अब तक प्रारंभ नहीं होने से अभिभावकों में गहरी नाराजगी व्याप्त है। इसी को लेकर पालक महासंघ, नीमच जिला इकाई ने मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए 28 फरवरी 2026 से पूर्व निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि प्रदेश शासन द्वारा प्रथम चरण में जिले के लिए चार सीएम राइज स्कूल स्वीकृत किए गए थे। इनमें जावद, मनासा और सिंगोली में भवन निर्माण पूर्ण होकर स्कूलों का संचालन प्रारंभ हो चुका है, जबकि नीमच जिला मुख्यालय के लिए स्वीकृत लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत का भवन निर्माण अब तक शुरू नहीं हो पाया है। इससे हजारों विद्यार्थी आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सुविधाओं से वंचित हैं।
पालक महासंघ के पदाधिकारियों ने बताया कि भवन के अभाव में सीएम राइज स्कूल का संचालन वर्तमान में शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी विद्यालय परिसर में किया जा रहा है, जहां कक्षा कक्षों एवं संसाधनों की भारी कमी है। इसके कारण हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्तर के विद्यार्थियों को अंग्रेजी माध्यम सहित अन्य आवश्यक शैक्षणिक सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।
इस स्थिति के चलते प्रतिवर्ष लगभग 400 विद्यार्थी निजी स्कूलों की ओर रुख करने को मजबूर हो रहे हैं, जिससे अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। महासंघ ने ज्ञापन में यह भी आशंका जताई कि यदि वित्तीय वर्ष 2025-26 में निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हुआ, तो स्वीकृत बजट राशि लेप्स हो सकती है।
पालक महासंघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि फरवरी 2026 के अंत तक भवन निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया गया, तो संगठन को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।
ज्ञापन सौंपते समय जिला अध्यक्ष जगदीश शर्मा सहित जिला इकाई, महिला विंग के पदाधिकारी एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।