देवास। यूजीसी कानून के विरोध में स्वर्ण समाज ने शहर में जोरदार प्रदर्शन करते हुए अपना तीखा आक्रोश जताया। सयाजी द्वार से शुरू हुई विरोध रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई जवाहर चौक पहुंची, जहां रैली का समापन हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में समाजजन हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर शामिल हुए और जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के खिलाफ प्रतीकात्मक शव यात्रा निकालते हुए जवाहर चौक पर उसका अंतिम संस्कार किया। समाजजनों का कहना है कि प्रस्तावित कानून लागू होने से स्वर्ण समाज के बच्चों और युवाओं के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है, जिसे लेकर समाज में गहरी चिंता और नाराजगी है।
श्री राजपूत करणी सेना के प्रदेश कार्यकारिणी अध्यक्ष विशाल रघुवंशी ने कहा कि स्वर्ण समाज किसी भी हालत में यह कानून स्वीकार नहीं करेगा। यदि सरकार ने जल्द निर्णय वापस नहीं लिया तो प्रदेशभर में बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा।
वहीं आध्या दुबे ने कहा कि यह कानून समाज के हित में नहीं है और युवाओं के भविष्य को प्रभावित कर सकता है, इसलिए सभी वर्गों को एकजुट होकर इसका विरोध करना चाहिए।
सर्व ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष दिनेश मिश्रा ने भी कानून का विरोध करते हुए कहा कि स्वर्ण समाज अपने अधिकारों और भविष्य को लेकर चिंतित है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने समाज की भावनाओं को नजरअंदाज किया तो आंदोलन और व्यापक स्तर पर जारी रहेगा।
प्रदर्शन के बाद समाजजनों ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन प्रशासन को सौंपते हुए कानून पर पुनर्विचार की मांग की। रैली के दौरान स्वर्ण समाज में भारी आक्रोश और एकजुटता देखने को मिली।