सेगांव। विकासखंड की ग्राम पंचायत तलकपुरा स्थित आदिवासी छात्रावास के छात्रों ने शुक्रवार शाम 6 बजे अचानक स्टेट हाइवे पर चक्काजाम कर दिया। पिछले 3-4 महीनों से होस्टल में पीने-नहाने का पानी न होने से तंग आकर बच्चों ने यह कदम उठाया।
छात्रों ने बताया कि अधीक्षक मुकेश मंडलोई ने पानी की समस्या पर बीइओ को पत्राचार किया, लेकिन बोरिंग में पानी नीचे स्तर पर चला गया। 10वीं-12वीं की परीक्षाओं के बीच बच्चे 1 किमी दूर नदी पर जान जोखिम में डालकर दिनचर्या चला रहे हैं।चक्काजाम से दोनों ओर हजारों यात्री करीब 1 घंटे जाम में फंस गए। मौके पर तहसीलदार अंतरसिंह कनेल, ऊन थाना प्रभारी दिनेश सोलंकी, सेगांव चौकी प्रभारी गजेंद्र सिंह चौहान, बीईओ संदीप कापड़नीस सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व राहगीर पहुंचे। बीईओ की समझाइश और लिखित आश्वासन पर ही छात्रों ने जाम खोला। अब प्रशासन पर नजरें टिकी हैं।