भोपाल। पुलवामा आतंकी हमले की सातवीं बरसी (14 फरवरी) पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शहीद वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “पुलवामा हमले में प्राणों का बलिदान देने वाले वीर सपूतों को कोटि-कोटि नमन करता हूं। मां भारती की रक्षा के लिए सेना के जवानों के समर्पण पर देशवासियों को गर्व है। मातृभूमि के स्वाभिमान के लिए जवानों के बलिदान का राष्ट्र सदैव ऋणी रहेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस अवसर पर अमर शहीदों के त्याग, साहस और समर्पण को याद करते हुए कहा कि देश के लिए सर्वस्व न्यौछावर करने वाले इन वीरों का बलिदान कभी नहीं भुलाया जाएगा।
40 सीआरपीएफ जवान हुए थे शहीद
14 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले में 40 सीआरपीएफ जवान शहीद हो गए थे। यह हमला जैश-ए-मोहम्मद के आतंकवादियों द्वारा सीआरपीएफ के काफिले पर विस्फोटक से लदे वाहन से किया गया था, जिसने पूरे देश को झकझोर दिया था। शहीदों के बलिदान ने राष्ट्र में एकजुटता और राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत किया।