भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से शनिवार को नव नियुक्त आयुक्त (जनसम्पर्क) एवं प्रबंध संचालक, मप्र माध्यम मनीष सिंह ने मुख्यमंत्री निवास पर सौजन्य भेंट की। इस दौरान दोनों ने प्रदेश के जनसंपर्क और मीडिया से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
बता दें कि शुक्रवार देर रात मध्य प्रदेश सरकार ने बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल किया था, जिसमें 11 आईएएस अधिकारियों के तबादले हुए। इसी क्रम में 2009 बैच के आईएएस अधिकारी मनीष सिंह को फिर से जनसंपर्क विभाग की कमान सौंपी गई। वे पहले भी इस विभाग में आयुक्त के पद पर रह चुके हैं। साथ ही उन्हें मध्य प्रदेश माध्यम (मप्र माध्यम) के प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार भी मिला है।
सौजन्य भेंट के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मनीष सिंह को बधाई दी और जनसंपर्क विभाग के माध्यम से सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसंपर्क विभाग सरकार और जनता के बीच मजबूत सेतु का काम करता है, इसलिए पारदर्शिता, गति और नवाचार के साथ कार्य करने की आवश्यकता है।मनीष सिंह ने मुख्यमंत्री को आश्वासन दिया कि वे विभाग को और अधिक मजबूत एवं तकनीकी रूप से उन्नत बनाने के लिए पूर्ण समर्पण से कार्य करेंगे। उन्होंने मप्र माध्यम के माध्यम से डिजिटल और प्रिंट मीडिया को मजबूत करने की दिशा में योजनाओं पर भी चर्चा की।