गरोठ। धर्मराजेश्वर में महाशिवरात्रि से शुरू होने वाले तीन दिवसीय पारंपरिक मेले को लेकर मंदसौर एसपी विनोद कुमार मीणा ने शनिवार को मेला स्थल का निरीक्षण किया। हर वर्ष की तरह इस बार भी करीब एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की और मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने प्रवेश व निकास द्वार, रात्रि में जागरण के दौरान श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
एसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी मुख्य द्वारों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे तथा भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस की विशेष टीमें तैनात रहेंगी।
इसके साथ ही वाहन पार्किंग, ट्रैफिक संचालन, अस्थायी प्रकाश व्यवस्था और रात्रि गश्त को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास रहेगा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस दौरान एएसपी हेमलता कुरील, एसडीओपी दिनेश प्रजापति, थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय, चौकी प्रभारी मनोज महाजन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।