नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा शहर में चल रही विकास श्रृंखला के तहत अब बघाना क्षेत्र को भी सीवरेज सुविधा की सौगात मिलने जा रही है। अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत बघाना क्षेत्र में 14 करोड़ 69 लाख रुपये की लागत से सीवरेज कार्य किया जाएगा। इसका भूमि पूजन कार्यक्रम 15 फरवरी, रविवार को दोपहर 3 बजे अहीर व्यायामशाला, अखाड़ा नंबर-1 के समीप आयोजित किया जाएगा।
भूमि पूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक दिलीप सिंह परिहार, भाजपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार तथा भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा करेंगी।
विशेष अतिथि के रूप में मुख्य नगरपालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया, नपा उपाध्यक्ष रंजना करणसिंह परमाल, योजना एवं परिवहन सभापति कुसुम अशोक जोशी सहित नगर पालिका के सभी सभापति उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए वार्ड क्रमांक 39 के पार्षद नीरज अहीर, वार्ड क्रमांक 36 की पार्षद वीणा बृजेश सक्सेना, वार्ड क्रमांक 37 की पार्षद नसीम बानो लप्पो आपा, वार्ड क्रमांक 38 के पार्षद शशि कल्याणी एवं वार्ड क्रमांक 40 की पार्षद सुशीला रामलाल ग्वाला ने बताया कि सीवरेज सुविधा शुरू होने से बघाना क्षेत्र साफ-सुथरा बनेगा और रहवासियों को गंदगी व जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी।
बघाना क्षेत्र के सभी पार्षदों ने समस्त सभापतिगण, पार्षदगण, पत्रकारगण, गणमान्य नागरिकों एवं क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर आयोजन को गरिमा प्रदान करने का अनुरोध किया है।