सोनकच्छ/भौरासा। गांव के नन्हे बच्चों के सुनहरे भविष्य की नींव मजबूत करने की दिशा में ग्राम पंचायत काकड़दा व गुनाई में विकास की नई शुरुआत हुई। शुक्रवार को काकड़दा में बाल वाटिका और गुनाई में आंगनबाड़ी भवन का भावनात्मक माहौल में शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर सोनकच्छ विधायक डॉ. राजेश सोनकर व भाजपा जिला अध्यक्ष रायसिंह सेंधव ने फीता काटकर निर्माण कार्यों की शुरुआत की।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। सरपंच प्रतिनिधि सुमेर सिंह नागर ने स्वागत भाषण देते हुए गांव के विकास के लिए सड़क, टीन शेड और घाट निर्माण की मांग विधायक के समक्ष रखी। कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों के चेहरों पर बच्चों के बेहतर भविष्य की उम्मीद साफ झलक रही थी।
विधायक डॉ. सोनकर ने कहा कि काकड़दा में बनने वाली बाल वाटिका विधानसभा की सबसे सुंदर बाल वाटिका होगी, जहां बच्चों को बेहतर शिक्षा और सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने बताया कि काकड़दा में 5.41 लाख रुपए की लागत से बाल वाटिका तथा गुनाई में 9.50 लाख रुपए की लागत से आंगनबाड़ी भवन का निर्माण कराया जाएगा, जिससे गांव के नन्हे बच्चों को सुरक्षित व सुविधाजनक वातावरण मिलेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष रायसिंह सेंधव ने की। विशेष अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष लीला बाई अटारिया सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी व बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। संचालन एडवोकेट विमल नागर ने किया व आभार अनिल चावड़ा ने माना। यह आयोजन गांव के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और ग्रामीण विकास की नई उम्मीद बनकर सामने आया।