मंदसौर। शहर के प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर में रविवार को महाशिवरात्रि का महापर्व श्रद्धा व भक्ति के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व यातायात व्यवस्थाएं की हैं।
शनिवार दोपहर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना ने सीएसपी जितेंद्र भास्कर, थाना प्रभारी व पुलिस बल के साथ मंदिर परिसर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मंदिर में विराजित भगवान पशुपतिनाथ की अष्टमुखी प्रतिमा के दर्शन के लिए हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। इस वर्ष भी भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए प्रशासन का फोकस सुगम व सुरक्षित दर्शन व्यवस्था पर है।
एंट्री-एग्जिट व्यवस्था तय
एसपी ने बताया कि मंदिर परिसर में व्यापक बैरिकेडिंग की गई है। श्रद्धालुओं की आवाजाही निर्धारित एंट्री-एग्जिट गाइडलाइन के अनुसार होगी, ताकि भीड़ नियंत्रण में रहे और किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
रूट प्लान व सीसीटीवी से निगरानी
श्रद्धालु सभी मंदिरों के दर्शन सुव्यवस्थित रूप से कर सकें, इसके लिए विशेष रूट प्लान तैयार किया गया है। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। संवेदनशील बिंदुओं पर सीसीटीवी व मैनुअल मॉनिटरिंग के जरिए सतत निगरानी की जाएगी।
भारत-पाक मैच को लेकर भी सतर्कता
महाशिवरात्रि के दिन भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच के मद्देनज़र शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। एसपी ने स्पष्ट किया कि किसी भी असामाजिक गतिविधि से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है।
शांतिपूर्ण पर्व मनाने की अपील
एसपी ने श्रद्धालुओं व नागरिकों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा व शांति के साथ मनाने की अपील की, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण व सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।