नीमच। ग्रुप केंद्र सीआरपीएफ नीमच ने पुलवामा हमले में अपने प्राणों की आहुति देने वाले 40 वीर जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। 14 फरवरी 2019 को जैश-ए-मोहम्मद के कायराना आत्मघाती हमले में शहीद हुए इन जवानों की याद में हर वर्ष ‘ब्लैक डे’ के रूप में उनकी स्मृति को जीवित रखा जाता है।
इस अवसर पर ग्रुप केंद्र में विशाल कैंडल मार्च निकाला गया, जिसमें अधिकारीगण, जवान और उनके परिजन हाथों में जलती मोमबत्तियों के साथ शहीदों को नमन करते हुए मून श्रद्धांजलि अर्पित की। शौर्य स्थल स्थित शहीद स्मारक पर पहुँचकर सभी ने अमर शहीदों के लिए श्रद्धासुमन अर्पित किए और दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत पुण्यात्माओं की शांति तथा शोकसंतप्त परिवारों के लिए प्रार्थना की।
ग्रुप केंद्र के कमांडेंट प्रमोद कुमार साहू सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण, अधीनस्थ अधिकारीगण, जवान एवं उनके परिजन बड़ी संख्या में इस कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने शहीदों के बलिदान को केवल दुखद घटना नहीं बल्कि राष्ट्र की आत्मा में अंकित अमर प्रेरणा बताते हुए सम्मानपूर्वक याद किया।