नीमच। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के शहीद एवं दिवंगत कार्मिकों के परिजनों और आश्रितों के सम्मान, संवाद और लंबित समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से शनिवार को ग्रुप केंद्र, नीमच में ‘परिवार कल्याण दिवस’ का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रमोद कुमार साहू, कमांडेंट, ग्रुप केंद्र, नीमच ने की। आयोजन का मुख्य उद्देश्य शहीदों और दिवंगत कार्मिकों के आश्रितों को सम्मान प्रदान करना, उनके बकाया भुगतान से संबंधित प्रकरणों का निराकरण करना, पात्र आश्रितों को बल में नियुक्ति प्रक्रिया की जानकारी देना और अन्य लंबित समस्याओं का त्वरित समाधान करना रहा। साथ ही, बल द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी उपस्थितों को दी गई।
पिछले पांच वर्षों में देश सेवा में सर्वाेच्च बलिदान देने वाले और ग्रुप केंद्र, नीमच के क्षेत्राधिकार में आने वाले विभिन्न जिलों के शहीदों के आश्रितों को सरकारी व्यय पर सम्मानपूर्वक आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम में उनके लिए आवास, भोजन, वाहन और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की गई, जिससे उपस्थित परिजनों को अपनत्व और आत्मीयता का अनुभव हुआ।
कार्यक्रम के दौरान परिजनों ने अपनी समस्याओं और सुझाव साझा किए। कमांडेंट ने सभी मामलों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान हेतु निर्देशित किया। अपने संबोधन में प्रमोद कुमार साहू ने कहा, “आप सभी सीआरपीएफ परिवार के सम्मानित सदस्य हैं। बल हमेशा आपके साथ है। परिवार कल्याण केंद्र आपके लिए खुला है। किसी भी समस्या या कठिनाई के समाधान के लिए सीधे संपर्क करें।” उन्होंने यह भी कहा कि कुछ मामलों का निपटारा नियम और विधिक प्रावधानों के तहत ही किया जा सकता है, लेकिन हर प्रकरण में पारदर्शिता और संवेदनशीलता बरती जाएगी।