पिपलियामंडी। महू-नीमच हाईवे पर रविवार दोपहर करीब 3 बजे पिपलियामंडी के चौपाटी क्षेत्र में कार और बाइक की भीषण टक्कर में महिला सहित दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद बाइक सवार दूर जा गिरे और मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस वाहन और टोल एम्बुलेंस तत्काल मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान दिनेश पिता भंवरलाल महाजन, निवासी पिपलिया जोधा (तहसील मल्हारगढ़, जिला मंदसौर) एवं उनकी साथी विमला बाई महाजन के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर काफी तेज रफ्तार के कारण होना बताई जा रही है। वहीं कार चालक रघुनंद नागदा (उम्र 27 वर्ष), निवासी बघाना, जिला नीमच को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर बढ़ती तेज रफ्तार और लापरवाही पर चिंता जताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
