नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा अमृत 2.0 योजना के तहत बघाना क्षेत्र में 14 करोड़ 69 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित सीवरेज परियोजना का भूमि पूजन समारोह अहीर व्यायाम शाला, अखाड़ा नंबर एक परिसर में विधिवत संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक दिलीप सिंह परिहार, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा, भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, मंडल अध्यक्ष मोहन सिंह राणावत, आदित्य मालू, संतोष चोपड़ा, दुर्गा बामनिया, किरण शर्मा, और नीरज अहीर सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
भूमि पूजन विधि-विधान के अनुसार संपन्न हुआ। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि बघाना क्षेत्र लंबे समय से सीवरेज व्यवस्था की मांग कर रहा था। इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ होगी, जलभराव और गंदगी की समस्या से राहत मिलेगी तथा नागरिकों को स्वस्थ वातावरण मिलेगा। उन्होंने इसे बघाना के समग्र विकास और आधुनिक बुनियादी ढांचे की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम में पार्षदगण और स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे। बघाना क्षेत्र के पार्षदों ने कहा कि सीवरेज परियोजना से क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी और स्वच्छ, सुव्यवस्थित बघाना का सपना साकार होगा। अतिथियों के विलंबित आगमन के दौरान पार्षद किरण शर्मा ने भक्ति गीत प्रस्तुत किए। समारोह का संचालन विजय बाफना ने किया।