माउंट आबू। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ग्लोबल हॉस्पिटल, माउंट आबू में किडनी कैंसर की गंभीर गांठ से पीड़ित 48 वर्षीय महिला मरीज का सफलतापूर्वक उपचार कर उसे नया जीवन दिया गया।
वासा, पिण्डवाड़ा निवासी लसी देवी पिछले दो वर्षों से पेट की गांठ की समस्या से पीड़ित थीं। आर्थिक कारणों से समय पर इलाज न हो पाने के कारण उनकी स्थिति गंभीर हो गई थी। ग्लोबल हॉस्पिटल द्वारा आयोजित स्वास्थ्य शिविर में जांच के बाद उन्हें अस्पताल रेफर किया गया, जहाँ जांच में बाईं किडनी में कैंसर की गांठ पाई गई।
मरीज की नाजुक हालत को देखते हुए डॉ. वैभव विशाल के नेतृत्व में तुरंत इलाज शुरू किया गया। ऑपरेशन से पूर्व 7 यूनिट रक्त चढ़ाया गया और आधुनिक तकनीक से निःशुल्क सफल सर्जरी की गई। उपचार के बाद मरीज स्वस्थ है और चौथे दिन अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
इस जटिल सर्जरी में डॉ. जगदेवी सज्जन शेट्टी एनेस्थियोलोजिस्ट, डॉ. आनंद, रेडियोलोजिस्ट, डॉ. कुमारसेन नाडकर्णी, जनरल सर्जन और समस्त हॉस्पिटल स्टाफ का सहयोग रहा।
अस्पताल निदेशक एवं ट्रस्टी डॉ. प्रताप मिड्ढा ने लोगों से अपील की कि ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लें। विगत कई दशकों से अपने समाज को स्वस्थ रखने का ग्लोबल अस्पताल का लक्ष्य है।
मरीज व परिजनों ने चिकित्सकों का आभार व्यक्त किया।