नीमच। शहर में संकल्प से समाधान अभियान के अंतर्गत आज जिला अस्पताल के सामने स्थित रेडक्रॉस परिसर में दिव्यांगजनों की पहचान एवं दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी करने हेतु विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर सुबह 10 बजे प्रारंभ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में दिव्यांगजन एवं उनके परिजन उपस्थित हो रहे हैं।
यह शिविर कलेक्टर हिमांशु चन्द्रा के मार्गदर्शन में तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमन वैष्णव और डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी उप संचालक, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग पराग जैन के निर्देशन में आयोजित किया जा रहा है।
शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, जनजातीय कार्य विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, आयुष विभाग तथा लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त रूप से दिव्यांग बच्चों एवं वयस्कों की स्क्रीनिंग कर रहे हैं। पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही दिव्यांगता प्रमाण पत्र प्रदान किए जा रहे हैं, जिससे उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं का त्वरित लाभ मिल सके।
इसके साथ ही शिविर में रेल किराया रियायत प्रमाण पत्र एवं बस पास भी बनाए जा रहे हैं, जिससे दिव्यांगजनों को आवागमन में सुविधा मिल सके। यह शिविर शाम 4 बजे तक संचालित रहेगा।